Type Here to Get Search Results !

दिल्‍ली के 'दंगल' में उतरे शिवराज, बोले- केजरीवाल के झूठ को पहचान गई है जनता, BJP को मिलेगा बहुमत

नई दिल्‍ली. दिल्ली विधानसभा चुनाव  में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान  ने भी प्रचार किया.


उन्होंने प्रचार के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) पर झूठ बोलने का आरोप लगाया. इसके अलावा शिवराज ने आम आदमी पार्टी पर कांग्रेस के साथ मिलकर लोगों को भड़काने का भी आरोप लगाया है. मध्‍य प्रदेश के पूर्व सीएम ने कालकाजी, मालवीय नगर, बदरपुर और बल्लीमारान विधानसभा में भाजपा उम्‍मीदवारों के लिए नुक्कड़ सभाएं करके वोट मांगे.

केजरीवाल के झूठ को पहचान गई जनता
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मालवीय नगर विधानसभा उम्मीदवार शैलेन्द्र सिंह मॉन्टी के लिए प्रचार के दौरान केजरीवाल और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल के झूठ को पहचान गई है. साढ़े चार साल कोई काम नहीं किया और अब चुनाव के समय फ्री देने का दाना डाला है. कांग्रेस और 'आप' को घेरते हुए शिवराज ने कहा कि सीएए मानवता का कानून है. पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में धार्मिक रूप से पीड़ित लोगों को नागरिकता दे रहे हैं.


पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल पर निशाना साधते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि सीएए के विरोध के लिए पीएफआई (PFI) फंडिंग कर रही है. आम आदमी पार्टी के लोग जामिया मिल्लिया में दंगा कराते हैं. पीएफआई देश को तोड़ने वाला संगठन है और कांग्रेस के नेताओं ने उससे पैसा लिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और अरविंद केजरीवाल को जवाब देना पड़ेगा कि उनका पीएफआई से क्या रिश्ता है. उन्होंने दोहराया कि चुनाव में सीएए मुद्दा है और दुनिया की कोई ताकत इसे लागू होने से रोक नहीं सकती है. शिवराज ने कहा कि दिल्ली वालों को जहरीली हवा में सांस लेने और जहरीला पानी पीने के लिए केजरीवाल ने मजबूर किया है.

इसके अलावा उन्‍होंने कहा कि फ्री योजनाओं का असर चुनाव में नहीं पड़ेगा. दिल्ली वाले सब जानते है. CAA में मुसलमानों का विरोध नहीं है और भारतीय मुस्लिम हमारे हैं, उनसे कोई बैर नहीं है. ये देश उनका भी है. साथ ही शिवराज ने दावा किया कि दिल्ली चुनाव में भाजपा शानदार बहुमत हासिल करेगी.


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.