Type Here to Get Search Results !

पात्र किसानों का समय-सीमा में माफ हो फसल ऋण - मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ

द्वितीय चरण में माफ होंगे 7 लाख किसानों के साढ़े 4 हजार करोड़ रुपये के ऋण
मुख्यमंत्री ने की जय किसान फसल ऋण माफी योजना की समीक्षा


मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने आज मंत्रालय में जय किसान फसल ऋण माफी योजना के द्वितीय चरण की समीक्षा करते हुए कहा कि हर पात्र किसान को समय-सीमा में योजना का लाभ मिले,


यह सुनिश्चित किया जाए। द्वितीय चरण में प्रदेश के सात लाख किसानों के साढ़े चार हजार करोड़ रुपये के ऋण माफ होंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि द्वितीय चरण में ऋण माफी की प्रक्रिया में और अधिक तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न की जाए और किसान परेशान न हों।


मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने प्रथम चरण में ऋण माफी की प्रक्रिया से वंचित किसानों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी किसानों के आवेदन 31 जनवरी तक प्राप्त हो जाएं, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में बताया गया कि अभी तक 27 हजार किसानों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।


मुख्यमंत्री ने ऋण माफी प्रक्रिया में बैंक संबंधी विवादित प्रकरणों का भी तत्काल निराकरण करने को कहा। इस संबंध में अभी तक 95 प्रतिशत प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों को ऋण संबंधी जानकारी चाहिए, उनके आवेदन सी.एम. हेल्प लाइन के द्वारा स्वीकार कर उनका समाधान किया जाए। इस सुविधा का अभी तक 1 लाख 20 हजार किसानों ने लाभ उठाया है।


बैठक में मुख्य सचिव श्री एस.आर. मोहंती, अपर मुख्य सचिव वित्त श्री अनुराग जैन, प्रमुख सचिव सहकारिता, किसान कल्याण एवं कृषि विकास श्री अजीत केसरी एवं संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.