नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने वित्त वर्ष 2020-21 के बजट की सराहना करते हुए कहा कि इसके जरिए मोदी सरकार ने कर प्रणाली को तर्कसंगत बनाने और व्यापार की सुविधा के लिए प्रभावी कदम उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि यह बजट देश को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में मददगार साबित होगा। शाह ने वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण की प्रशंसा करते हुए उन्हें और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह बजट सभी वर्गो के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बजट में मोदी सरकार ने कर प्रणाली को तर्कसंगत बनाने, बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने, बैंकिंग प्रणाली को मजबूत करने, निवेश को बढ़ावा देने और व्यापारियों को व्यापार करने में आसानी हो इसके लिए प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह कदम सरकार के भारत को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाएगा। (एजेंसी .)
