उप संचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.सी. चौरसिया ने बताया कि शुद्ध के लिये युद्ध जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने में आमजन की भागीदारी विषय पर जिला स्तरीय नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता एवं दैनिक जीवन शैली में हेल्थ सप्लीमेंट, न्यूट्रासिटीकल और आर्गेनिक खाद्य पदार्थ कितने उपयोगी हैं,
विषय पर भाषण प्रतियोगिता शासकीय जे.एच. कालेज में आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर श्री साकेत मालवीय उपस्थित थे। इस दौरान संस्था की प्राचार्य डॉ. विजेता चौबे, एडीपीसी श्री संजीव श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर कलेक्टर श्री मालवीय ने कहा कि वर्तमान में खाद्य पदार्थों में मिलावट बढ़ गई है, जिसे रोकने के लिए आमजन को जागरूक करने हेतु मप्र शासन का यह अभियान अत्यंत प्रभावी है। संस्था की प्राचार्या डॉ. विजेता चौबे ने कहा कि नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता के माध्यम से आमजन में जागरूकता लाकर खाद्य पदार्थो में मिलावट रोकी जा सकती है। कार्यक्रम में एडीपीसी श्री संजीव श्रीवास्तव ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से आमजन में खाद्य पदार्थो में मिलावट रोकने के प्रति जागरूकता का संचार होगा।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में अमोल नागले एवं साथियों के दल शासकीय जे.एच. कालेज बैतूल नें प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रभात मुखर्जी एवं साथियों के दल, पद्मावती महाविधालय पुंजी चोपना नें द्वितीय तथा घनश्याम काले एवं साथियों के दल शासकीय महाविधालय बगडोना सारणी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में अमरदीप भालेकर लॉ कॉलेज बैतूल ने प्रथम, मेधावी त्रिवेदी जे.एच.कॉलेज ने द्वितीय एवं प्रेरणा रघुवंशी शासकीय महाविद्यालय मुलताई ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दोनों प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा प्रशासन जिला बैतूल द्वारा क्रमश: 2100, 1100 एवं 500 रूपए नगद राशि प्रदान की गई। नुक्कड़ नाटक एवं भाषण प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले समस्त प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किये गये।
कार्यक्रम में एन.एस.एस. के नोड़ल अधिकारी डॉ.सुखदेव डोंगरे, संयोजक डॉ. गोपाल प्रसाद साहू, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री रूपराम सनोडिया, श्री संदीप पाटिल, श्रीमती शशी भारती, श्री योगेश दिवग्या एवं विभिन्न महाविद्यालयों के नोडल अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
