Type Here to Get Search Results !

BJP के खिलाफ दिए गए बयान पर चुनाव आयोग सख्त, संजय सिंह को मिला नोटिस

चुनाव आयोग   ने सिंह को भेजे गए कारण बताओ नोटिस में कहा है कि प्रथम दृष्टया उनके बयान से मतदाताओं के बीच भ्रम और अफरा तफरी फैलने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है.


नई दिल्ली. चुनाव आयोग ने भाजपा (BJP) पर दिल्ली के शाहीन बाग   और जामिया इलाके में गंभीर परेशानी उत्पन्न करने का आरोप लगाने से जुड़े आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह   के कथित बयान पर संज्ञान लेते हुये गुरुवार को उनसे जवाब तलब किया है. दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान सिंह ने एक साक्षात्कार में कथित तौर पर कहा था कि भाजपा यहां ऐसी परिस्थिति उत्पन्न कर रही है जिससे शाहीन बाग और जामिया क्षेत्र में गंभीर परेशानी खड़ी हो सकती है.

आयोग ने सिंह को भेजे गए कारण बताओ नोटिस में कहा है कि प्रथम दृष्टया उनके बयान से मतदाताओं के बीच भ्रम और अफरा तफरी फैलाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है. आयोग ने सिंह के बयान को प्रथम दृष्टया चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुये उन्हें शुक्रवार को दोपहर 12 बजे तक जवाब देने को कहा है. उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिये आठ फरवरी को मतदान होगा. दिल्ली में चुनाव प्रचार थम चुका है.

मुख्यमंत्री बनने के लायक नहीं है
इधर मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन गुरुवार को कहा कि बीजेपी में कोई भी मुख्यमंत्री बनने के लायक नहीं है. केजरीवाल ने न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में कहा कि लोग जानना चाहते हैं कि बीजेपी का मुख्यमंत्री पद का दावेदार कौन होगा? उन्होंने पूछा कि क्या होगा अगर वो संबित पात्रा या अनुराग ठाकुर  हुए? केजरीवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव का ध्रुवीकरण करने की कोशिश की. लेकिन अब नतीजे बताएंगे कि वो इसमें सफल हुए या नहीं. केजरीवाल ने कहा, ‘आप के मतदाता वो हैं जो अच्छी शिक्षा, चिकित्सीय सुविधा, आधुनिक सड़कें, 24 घंटे बिजली चाहते हैं.’


बीजेपी ने नहीं करवाई सड़कें साफ
शाहीन बाग में   (सीएए) के खिलाफ जारी प्रदर्शन पर केजरीवाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव की वजह से बीजेपी ने यहां की सड़क साफ (खाली) नहीं कराई. केजरीवाल ने पूछा, ‘गृह मंत्री अमित शाह को मार्ग साफ करने से क्या रोक रहा है? सड़क जाम रखने में अमित शाह का क्या हित छुपा है? वो दिल्ली के लोगों को परेशान और प्रदर्शन पर गंदी राजनीति क्यों करना चाहते हैं?’


 


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.