सभी प्रदर्शनकारी हरियाणा के सोनीपत से अपनी-अपनी गाड़ियों में बैठकर आए थे. गोहाना के तीरथ राणा के नेतृत्व में ये आए थे. इनका कहना है कि CAA के समर्थन में यहां आए हैं.----
नई दिल्ली. दिल्ली के जामिया (Jamia) से एक बड़ी खबर सामने आई है. कहा जा रहा है कि जामिया कैम्पस के सामने सीएए के समर्थन में प्रदर्शन (Protest) करने वाले 40 लोगों को हिरासत में लिया गया है. सभी युवकों को कालकाजी थाने में ले जाया गया है. जामिया मिल्लिया इस्लामिया (Jamia Millia Islamia) के प्रॉक्टर वसीम अहमद ने बताया कि वे अपने प्रोफेसरों के साथ बाहर आ गए थे. इसके बाद उन्होंने अपने छात्रों को आगे बढ़ने से रोक दिया.
सूत्रों के मुताबिक, 50 के आसपास प्रदर्शनकारी थे, जो हरियाणा के बताए गए हैं. ये सभी हरियाणा के सोनीपत से अपनी अपनी गाड़ियों में बैठकर आए थे. गोहाना के तीरथ राणा के नेतृत्व में ये आए थे. इनका कहना है कि CAA के समर्थन में यहां आए हैं. तीरथ राणा गोहाना विधानसभा से बीजेपी से विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुका है. उनका कहना है कि वे एक मैसेज देना चाहते थे. इसीलिए उन्होंने जामिया के सामने तिरंगा झंडा लेकर विरोध जताया.
बता दें कि सीएए के विरोध में सबसे ज्यादा जामिया मिल्लिया इस्लामिया में ही विरोध हो रहा है. बीते दिसंबर महीने से यहां पर लगातार छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं. दिसंबर महीने तो आक्रोशित लोगों ने जामिया इलाके में हिंसक प्रदर्शन किया था. इस दौरान कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया था. साथ ही बड़े पैमाने पर आगजनी की गई थी. तब कई लोग और पुलिसकर्मी घायल हुए थे.
