Type Here to Get Search Results !

देश के लिए अच्छी बात नहीं है सीएए का विरोध आदित्यनाथ ---

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान को अब कुछ ही दिन बचे हैं। भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी चुनावी दंगल में उतर गए हैं। आदित्यनाथ ने शनिवार को करावल नगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।





आदित्यनाथ ने शाहीन बाग की चर्चा की और वहां डेढ़ महीने से प्रदर्शन कर रहे लोगों पर निशाना साधा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से पूछा कि आप शाहीन बाग चाहते हो या दिल्ली की सुख समृद्धि। उन्होंने कहा, "मैं दिल्ली में यही समझाने आया हूं कि किस तरीके से मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मिलकर राम मंदिर का रास्ता साफ कर दिया है। नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को लेकर जिस तरीके से लोगों को भ्रमित किया जा रहा है, वह देश के लिए अच्छा संदेश नहीं है।"

योगी ने करावल नगर से भाजपा उम्मीदवार मोहन सिंह बिष्ट और मुस्तफाबाद विधानसभा से जगदीश प्रधान को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि शाहीन बाग का धरना नागरिकता कानून को लेकर नहीं है। ये धरना इस बात को लेकर है कि भारत दुनिया में एक ताकत के रूप में कैसे उभर रहा है। उनकी चिढ़ ये है कि इनके पूर्वजों ने भारत के टुकड़े कर दिए थे, लेकिन आज भारत एक भारत श्रेष्ठ भारत कैसे बन रहा है। इनके पूर्वजों ने भारत की आन बान शान के साथ हमेशा खिलवाड़ किया है। उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर हमला बोलते हुए कहा कि इन दोनों में कोई अंतर नहीं है। कांग्रेस का जहां एक पदाधिकारी सुप्रीम कोर्ट में जाता है और कहता है कि राम जन्मभूमि का फैसला नहीं होना चाहिए। वहीं केजरीवाल के एक सहयोगी सुप्रीम कोर्ट में अर्जी लगाते हैं कि निर्भया के दोषियों को फांसी नहीं होनी चाहिए। कांग्रेस राम जन्मभूमि मुद्दे पर सदैव बाधा बनी रही और आप सरकार बहन-बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने वाले को बचाने में लगी रही। मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि दिल्ली विधानसभा का चुनाव ऐसे समय में हो रहा है, जब पूरी दुनिया के अंदर भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा लिये जा रहे नए-नए निर्णयों की धमक दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि आज आपने देखा होगा कि 1947 से 2014 तक देश के अंदर राज करने वाली सरकारों ने जितना काम नहीं किया, उससे ज्यादा प्रधानमंत्री मोदी ने अपने प्रथम पांच साल के कार्यकाल में किया। प्रधानमंत्री मोदी ने 8 करोड़ गरीबों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिलवाए, 10 करोड़ परिवारों को एक-एक शौचालय दिलवाने का काम किया है। (एजेंसी )

 


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.