अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'मैंने मनोज तिवारी का उनके गीत ‘रिंकिया के पापा’ के लिए मज़ाक नहीं उड़ाया बल्कि, मैंने अच्छे गीत गाने के लिए उनकी तारीफ की है.
नई दिल्ली. विधानसभा चुनावों से एक दिन पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी की तारीफ की. केजरीवाल ने कहा कि वो मनोज तिवारी का उनके गानों के लिए मज़ाक नहीं उड़ाते हैं, बल्कि वह उनके वीडियो देखते हैं, जिनमें वह ‘अच्छा डांस’ करते हैं. केजरीवाल ने आगे कहा कि वह जहां भी जाते हैं, लोगों से तिवारी के गाने सुनने और उनके गानों और डांस के वीडियो देखने के लिए कहते हैं.
मनोज तिवारी ने इसे ‘पूर्वांचलियों’ का अपमान बताया था
आप के राष्ट्रीय संयोजक दिल्ली भाजपा के इस आरोप का जवाब दे रहे थे कि वह तिवारी के गानों का मज़ाक उड़ाकर ‘पूर्वांचलियों’ और उनकी संस्कृति का अपमान कर रहे हैं. बता दें कि दिल्ली में रहने वाले पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को पूर्वांचली कहा जाता है और वे राष्ट्रीय राजधानी के चुनाव में अहम भूमिका निभाते हैं.
केजरीवाल को पंसद हैं ‘रिंकिया के पापा’]
केजरीवाल ने कहा, 'मैंने तिवारी का उनके गीत ‘रिंकिया के पापा’ के लिए मज़ाक नहीं उड़ाया बल्कि, मैंने अच्छे गीत गाने के लिए उनकी तारीफ की है. मुझे समझ नहीं आ रहा है कि इसमें अपमान और मजाक कहां है. मैं तिवारी के गाने सुनता हूं. मुझे उनके वीडियो पसंद हैं. वह डांस अच्छा करते हैं.'
आप नेता ने तिवारी को ‘गायक’ बताकर उन पर तंज कसा था. तिवारी भोजपुरी के जाने माने कलाकार हैं और उन्होंने ‘रिंकिया के पापा’ गाना गाया है. पिछले महीने तिवारी ने कहा था कि केजरीवाल 'रिंकिया के पापा' का मजाक उड़ा रहे हैं और पूर्वांचलियों तथा उनकी संस्कृति का अपमान कर रहे हैं.
उन्होंने दावा किया था कि पूर्वांचली केजरीवाल सरकार के मुफ्त पानी और बिजली से प्रभावित नहीं होंगे और उनमें से 98 फीसदी लोग भाजपा का समर्थन कर रहे हैं.
