Type Here to Get Search Results !

एक भारत श्रेष्ठ भारत लोक संपर्क कार्यक्रम हुआ संपन्न


    भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत कार्यरत क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो की छतरपुर इकाई द्वारा शासकीय कन्या पी.जी. कॉलेज परिसर में “एक भारत श्रेष्ठ भारत” विषय पर आयोजित दो दिवसीय लोक संपर्क कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी शुक्रवार को संपन्न हुई। समापन समारोह के मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सीईओ हिमांशु चन्द्रा ने कहा कि भारत की खूबसूरती इसकी विविधता है और विविधताओं को बचाकर एवं बनाकर रखने से ही एक भारत श्रेष्ठ भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के मूल मंत्र पर अमल करते हुए हमें समानता सौहार्द एवं भाईचारे से समृद्ध समाज बनाने पर ध्यान देना होगा।
    कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित पटेरिया ने कहा कि हमें भारत के हर राज्य के लोगों की संस्कृति और उनके समाज को सकारात्मक तरीके से देखने की दृष्टि विकसित करनी होगी।
    मुख्य वक्ता के तौर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी प्रियभांशु रंजन ने कहा कि हम विदेशों में तो भारतीय कहलाते हैं लेकिन भारत में जातियों-धर्मों एवं क्षेत्रों के आधार पर बंट जाते हैं और एक-दूसरे को नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत का सपना साकार करने के लिए हमें संकीर्ण मानसिकता को छोड़ कर राष्ट्रीय एवं वैश्विक भावना पैदा करनी होगी।
    केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य  विशन सिंह राठौड़ ने कार्यक्रम में भारत की एकता और श्रेष्ठता का संदेश देने के लिए क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो के प्रयासों को सराहा।
    कन्या पीजी कॉलेज की प्राचार्य शशि प्रभा परिहार ने कहा कि इस कार्यक्रम से राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत एक बहुधर्मी बहुभाषी देश है और हमें देश की एकता एवं अखंडता अक्षुण्ण रखने का प्रयास करना चाहिए।
    कार्यक्रम में मणिपुर नगालैंड एवं महात्मा गांधी पर केंद्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई थी एवं मध्य प्रदेश शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के स्टॉल भी लगाए गए थे। जिला पंचायत सीईओ हिमांशु चन्द्रा ने प्रदर्शनी एवं छात्राओं की ओर से बनाई गई रंगोलियों का भी अवलोकन किया और जागरूकता कार्यक्रम करने के लिए क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो को सराहा।
    शुक्रवार को कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रहा केंद्रीय विद्यालय के बच्चों द्वारा गाया गया एक बहुभाषी गीत। इसमें बच्चों ने कश्मीरी, पंजाबी, मराठी, नगामी, असमिया सहित कुल 13 भाषाओं में गीत गाया जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, गायन प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, कविता पाठ आदि में हिस्सा लिया। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कुछ लड़कियों ने मलखंभ में हिस्सा लिया और अपने करतब से दर्शकों को हैरत में डाल दिया।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.