जलसंकट से उबरने का सकारात्मक प्रयास
मेहनत और लगन से हर मंजिल आसान हो जाती है। यह बात बुरहानपुर कलेक्टर श्री राजेश कुमार कौल ने कही। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी भी कार्य को पूरा करने की मन में ठान ले और उस कार्य में वह प्रतिदिन पूरी ईमानदारी, निष्ठा, मेहनत और लगन से कार्य करे, तो उसे एक दिन जरूर सफलता मिलती हैं। उन्होंने कहा कि बोरीबंधान का मुख्य उद्देश्य यह है कि ताप्ती नदी में गर्मी के दिनों में आमजन को निस्तार पानी मिले और भू जलस्तर को बढ़ाना एवं पशु-पक्षियों को पीने के पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके।
किसी भी कार्य को दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति से पूर्ण किया जा सकता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है, बुरहानपुर जिला प्रशासन ने। ताप्ती नदी के राजघाट पर बोरीबंधान कार्य लगातार एक माह तक जारी रखकर ताप्ती के जल को रोका गया है। इस कार्य में विभिन्न विभागों और कलेक्ट्रेट कार्यालय के अधिकारियो व कर्मचारियों तथा नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने बोरीबंधान कार्य में श्रमदान किया है। कलेक्टर श्री कौल की इस अनुकरणीय पहल पर बोरीबंधान का कार्य दिन-रात कड़ी मेहनत करने के बाद सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि बुरहानपुर में एक माह में तैयार बोरीबंधान कार्य में कलेक्टर के साथ शहरवासी, स्कूलों व कॉलेजों के विद्यार्थी, जनप्रतिनिधिगण, स्वयंसेवी संस्थाये, शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिकों ने श्रमदान किया, जिसके परिणामस्वरूप ताप्ती में जल स्तर बढ़ा हुए देखकर हर कोई जिला प्रशासन की सराहना कर रहा है एवं स्वयं अपने स्तर पर जलसंरक्षण को बढ़ावा दे रहे है।
