Type Here to Get Search Results !

नवरात्रि पर्व के दौरान टेकरी पर पुख्ता इंतजाम किये जायें

देवास ---नवरात्रि पर्व आयोजन संबंधी बैठक में कलेक्टर डॉ. पाण्डेय ने दिये निर्देश



  आगामी चैत्र नवरात्रि पर्व 25 मार्च 02 अप्रैल 2020 तक मनाया जाएगा। पर्व के दौरान मां चामुण्डा टेकरी पर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हों, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। टेकरी स्थिति समस्त मंदिरों एवं सम्पूर्ण टेकरी क्षेत्र की चौबीसों घंटे साफ सफाई की जाये।
    उक्त निर्देश कलेक्टर डॉ. श्रीकान्त पाण्डेय ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में सम्पन्न नवरात्रि पर्व के आयोजन संबंधी बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिये। बैठक में एडीएम नरेंद्र सूर्यवंशी, एसडीएम अरविंद चौहान, सीएसपी अनिल सिंह राठौर, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत, नगर निगम, वन विभाग, यातायात, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
        बैठक में कलेक्टर डॉ. पाण्डेय ने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए टेकरी के दोनों रास्तों एवं धूनी मार्ग पर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की जाए। पानी की टंकियों की साफ-सफाई कराई जाये। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि टेकरी पर चौबीसों घंटे साफ-सफाई की उचित व्यवस्था की जाए। शौचालयों को नियमित अंतराल पर साफ करवाया जाए। टेकरी क्षेत्र में पॉलीथीन एवं प्लास्टिक के बैगों को प्रतिबंधित रखा जाए। टेकरी स्थित कुंडों की साफ-सफाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि दर्शनार्थियों के लिए अस्थायी प्रसाधन व्यवस्था की जाएं।
    बैठक में विद्युत विभाग को निर्देश दिए हैं कि टेकरी क्षेत्र में निर्बाध विद्युत व्यवस्था हो। विद्युत व्यवस्था के लिए कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती की जाये। नगर निगम को निर्देशित किया कि समस्त मंदिरों, रपट मार्ग, सीढ़ी मार्ग, परिक्रमा मार्ग, एरीना मार्ग, दमदमे पर प्रकाश की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
         बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि नवरात्रि पर्व पर पूर्व की भांति वाहन की उचित व्यवस्था की जाए। नवरात्रि पर्व के दौरान गत वर्ष की भांति मार्ग व्यवस्था रहेगी। पार्किंग व्यवस्था पूर्वानुसार किए जाने के निर्देश दिए गए।
    बैठक में कलेक्टर ने पुलिस विभाग के अधिकारियों से कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान दर्शनार्थियों की सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जाएं। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल लगाया जाए तथा नगर रक्षा समिति के सदस्यों का सहयोग भी लिया जाए। टेकरी क्षेत्र में अशासकीय बैनरों, पोस्टरों, फ्लेक्स का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। बड़ी माताजी मंदिर एवं रपट मार्ग शंखद्वार से जैन मंदिर तक दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए बैरिकेटिंग की जाए एवं झिग-झेग बनाया जाए।
    बैठक में स्वास्थ्य विभाग को नवरात्रि पर्व के दौरान टेकरी पर ऊपर तथा नीचे एम्बुलेंस के साथ डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टॉफ की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। कंट्रोल रूम में अधिकारियों की ड्यूटी लगाने व जरूरी विभागों का स्टॉफ एक स्थान कंट्रोल रूम में ही बिठाने के निर्देश दिए। सीसीटीवी कैमरों को दिखवाने तथा बंद कैमरों को दुरूस्त करवाने हेतु कहा गया। नगर निगम व पीएचई को पेयजल की समुचित व्यवस्था हेतु दिशा निर्देश दिए। बैठक में बड़ी माताजी मंदिर, छोटी माताजी मंदिर क्षेत्र में  जरूरी निर्माण कार्य कराए जाने पर भी चर्चा की गई। जूता स्टैंड के संबंध में भी चर्चा कर निर्देश दिए गए।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.