Type Here to Get Search Results !

शांति समिति की बैठक सम्पन्न

शांति सद्भाव से त्यौहार मनाने का संकल्प समय के साथ परिवर्तन भी आवश्यक है - ईको फ्रेंडली होली मनाएं


  



  जिले में आगामी होली सहित सभी त्यौहार मिलजुल कर गंगा-जमुनी तहजीब के साथ मनाये जायेंगे। शांति सद्भाव एवं एकता की गौरवशाली परम्परा को हर हाल में कायम रखा जायेगा। आयोजनों में डीजे का उपयोग पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। यह सभी निर्णय आज यहां कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर श्री तरूण पिथोड़े की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई  जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में लिये गये। बैठक में डीआईजी श्री इरशाद वली, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सतीश कुमार एस, आयुक्त नगर निगम भोपाल श्री  विजय बी दत्ता, अपर कलेक्टर्स, अन्य अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्यगण मौजूद थे।
    बैठक में आगामी मई माह तक विभिन्न धर्मों के 12 त्यौहार प्रमुख रूप से मनाये जायेंगे। इन त्यौहारों एवं पर्वों के दौरान प्रशासनिक, पुलिस एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की गयी। बैठक में कलेक्टर श्री पिथोड़े ने कहा कि भोपाल की गौरवशाली परम्परा को हर हाल में कायम रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी परीक्षाओं का समय है ऐसे समय में कोलाहल नियंत्रण अधिनियम का पूर्ण रूप से पालन किया जाये। उन्होंने कहा कि त्यौहारों के दौरान सामाजिक समरसता के वातावरण को बनाया रखा जाये। यह प्रयास किया जाये कि त्यौहार अलग-अलग नहीं बल्कि मिल-जुलकर सामूहिक रूप से मनाये जायें। उन्होंने त्यौहारों के दौरान की जाने वाली प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी।
    कलेक्टर ने कहा कि आस्था में कमी नहीं रहे और समय के साथ परिवर्तन भी आवश्यक है इसी के दृष्टिगत ईको फ्रेंडली होली मनाई जायेगी। होलिका दहन के लिए गौकाष्ठ का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए भी कहा।    उन्होंने बताया कि त्यौहारों के दौरान पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश आदि की समुचित व्यवस्था रहेगी। परम्परागत आयोजनों को ही अनुमति दी जायेगी।  शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी नियमित संयुक्त भ्रमण करेंगे। बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव दिये।
    बैठक में डीआईजी श्री इरशाद वली ने त्यौहारों के दौरान की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि त्यौहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। शांति समिति की बैठकें थाना स्तर पर भी होंगी। डीजे का उपयोग भी पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने बताया कि  नवरात्र  के  दौरान  घाट स्थलों पर महिला पुलिस की भी तैनाती की जायेगी। बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी बहुमूल्य सुझाव दिए। कलेक्टर ने सुझावों पर अमल का भरोसा दिलाया।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.