Type Here to Get Search Results !

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मानवीय पहल

मध्य प्रदेश ही नहीं बिहार और उत्तर प्रदेश के मज़दूरों के लिए भी लगाए गए वाहन-----


मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर इंदौर संभाग में मज़दूरों के उनके घरों तक पहुँचने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं। जल संसाधन मंत्री एवं इंदौर संभाग के प्रभारी मंत्री श्री तुलसी सिलावट द्वारा लगातार इस कार्य की समीक्षा की जा रही है।


संभागायुक्त इंदौर श्री आकाश त्रिपाठी ने बताया है कि संभाग के किसी भी ज़िले से मज़दूरों को पैदल नहीं जाना पड़े, इसके लिए सभी संभव इंतज़ाम किए जा रहे हैं। आज से बड़वानी ज़िले के बिजासन और बुरहानपुर ज़िले की सीमा में आ रहे बिहार और उत्तरप्रदेश के मज़दूरों के लिए बसों की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है। इन दोनों ज़िलों की सीमा पर बड़ी संख्या में आ रहे बिहार और उत्तरप्रदेश के मज़दूरों के लिए भी मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने उसी प्रकार चिंता जतायी है जैसे कि मध्य प्रदेश के मज़दूरों के लिए की जा रही थी। मुख्यमंत्री श्री चौहान के निर्देश पर इंदौर संभाग के प्रभारी जल संसाधन मंत्री श्री तुलसी सिलावट ने इंदौर संभाग में मज़दूरों के उनके घर तक पहुँचने के लिए बेहतर कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए थे। इसी तारतम्य में आज से बड़वानी ज़िले में 120 और बुरहानपुर में 25 बसों की व्यवस्था की गई है। इन बसों में बिहार और उत्तर प्रदेश के मज़दूरों को  देवास तक पहुंचाया जा रहा है। देवास से इन्हें दूसरी बसों द्वारा गुना और सागर तक पहुंचाया जाएगा जहाँ से इन्हें आगे भेजा जाएगा।


संभागायुक्त श्री त्रिपाठी ने बताया है कि अब बड़वानी और बुरहानपुर दोनों ज़िलों से प्रतिदिन ये बस मज़दूरों को लेकर देवास तक आएंगी। श्री त्रिपाठी ने यह भी बताया है कि बिहार और उत्तरप्रदेश के मज़दूर जो ऑटो या अन्य अपने साधनों से अपने घर जा रहे हैं, उन्हें भी सुविधाएँ दी जा रही है और उन्हें आगे जाने दिया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न स्थानों पर ट्रांजिट कैंप बनाकर मज़दूरों के लिए भोजन, छाया, पेयजल और चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.