Type Here to Get Search Results !

कोविड-19 हर व्यक्ति को मास्क पहनना है अनिवार्य

रोको-टोको अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन संभाग के हर जिले में हो – संभाग आयुक्त श्री ओझा------ ग्वालियर


कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम के लिए आम जनों का सहयोग और सावधानियां नितांत जरूरी है। हर व्यक्ति घर से बाहर निकलते समय मास्क अवश्य पहनें। सभी लोग मास्क का उपयोग करें। इसके लिये रोको-टोको अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बिना मास्क के कोई भी व्यक्ति मिलता है तो उसे स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा उपलब्ध कराया गया मास्क उपलब्ध कराया जायेगा और इसके बदले 20 रूपए की राशि वसूल की जायेगी।
    संभागीय आयुक्त श्री एम बी ओझा ने रोको-टोको अभियान को पूरे संभाग में प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संभाग के सभी जिला कलेक्टरों से कहा है कि कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम हेतु सरकार द्वारा चलाए जा रहे रोको-टोको अभियान को अपने-अपने जिले में प्रभावी रूप से क्रियान्वित करें। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को पत्र लिखकर कहा है कि जिले में स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा मास्क तैयार करने का जो कार्य किया जा रहा है उसे प्रोत्साहित करते हुए उनके मास्क अधिक से अधिक स्थानों पर रखवाएं और शहर में कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के मिलता है तो उसे मास्क उपलब्ध कराकर 20 रूपए की राशि वसूल करें।
    संभागीय आयुक्त श्री ओझा ने यह भी कहा है कि रोको-टोको अभियान में शासकीय अमले के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी जोड़ा जाए। शहर के प्रमुख स्थानों पर रोको-टोको अभियान चलाकर लोगों को मास्क प्रदाय करने का कार्य किया जाए। इसके साथ ही संक्रमण की रोकथाम के लिये सभी जिलों में जन जागरूकता का अभियान भी इसी के साथ चलाया जाए। विभिन्न प्रचार माध्यमों से भी आमजनों को कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों के संबंध में अपील और प्रचार किया जाए।
    संभाग आयुक्त श्री ओझा ने कलेक्टरों से यह भी आग्रह किया है कि शहरी क्षेत्र में नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत के माध्यम से रोको-टोको अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। अभियान के तहत मास्क की उपलब्धता बनी रहे, इसके लिये स्व-सहायता समूह की महिलाओं को भी मास्क तैयार करने हेतु प्रोत्साहित किया जाए।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.