Type Here to Get Search Results !

बाबई पोषण आहार संयंत्र का संचालन महिलाओ का स्व सहायता समूह करेगा

स्व-सहायता समूह की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिये हर संभव प्रयास होंगे - राज्य मंत्री श्री कुशवाह 


 स्व-सहायता समूह की महिलाओं के सशक्तिकरण के सभी  संभव प्रयास किए जा रहे है।  समूह की बहनें हर क्षेत्र में अग्रणी बने, इसके लिये  योजनाबद्ध तरीके से उन तक लाभ पहुंचाया जा रहा है। बाबई में स्थित पोषण आहार संयंत्र को महिलाओं का स्व-सहायता समूह संचालित करेगा।  


उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण स्वतंत्र प्रभार एवं नर्मदा घाटी विकास राज्यमंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह  होशंगाबाद जिले में 210 स्व-सहायता समूहों  की महिला हितग्रहियों को ऋण वितरित कर संबोधित कर रहे थे।  


राज्य मंत्री श्री कुशवाहा ने कहा कि पिछली सरकार द्वारा बाबई स्थित पोषण आहार संयंत्र के संचालन का कार्य निजी हाथों में सौंपा गया था। जिसे अब जिले की स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के खजाने पर पहला अधिकार गरीब का होता है, गरीबों का हक उन तक पहुंचा कर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे साबित करके दिखाया है। निरंतर गरीबों का चिंतन कर उनके चौमुखी विकास हेतु विभिन्न योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाया  जा रहा है।  मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में गरीब कल्याण सप्ताह के माध्यम से गरीबों, किसानों, महिलाओं सहित हर वर्ग को उनका वाजिब हक दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को लाभान्वित करने एवं गरीबों के कल्याण के लिये सार्थक प्रयास किये जा रहे हैं। प्रदेश सरकार  पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की विचारधारा को साकार रूप दे रही है। 


         राज्यमंत्री श्री कुशवाह ने  कहा कि प्रदेश में चलाये जा रहे  गरीब  कल्याण सप्ताह अंतर्गत प्रदेश के 37 लाख नये लाभार्थियों को पात्रता-पर्ची का वितरण किया गया है, अब उन्हें प्रतिमाह राशन मिल सकेगा। अनुसूचित जनजाति वर्ग के भाई- बहनों को वन अधिकार पट्टा प्रदान कर उन्हें उनके  निवास व कृषि भूमि पर मालिकाना हक प्रदान किया है। उन्होंने गरीब कल्याण सप्ताह अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने में  जिला प्रशासन द्वारा किए गए बेहतर प्रयासों की प्रशंसा की। 


   कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कुशल पटेल, विधायक श्री सीतासरन शर्मा, विधायक श्री विजयपाल सिंह, विधायक श्री प्रेमशंकर वर्मा, कलेक्टर श्री धनंजय सिंह जिला पंचायत सीईओ श्री मनोज सरेआम, श्री पीयूष शर्मा श्री मनोहर बड़ानी सहित स्व सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.