Type Here to Get Search Results !

सभी बहने लखपति बने और गरीबी के कलंक को मिटाए:मंत्री श्री पटेल

128 महिला स्व-सहायता समूह को एक करोड़ 57 लाख के ऋण वितरित


किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल ने आह्वान किया कि सभी बहने लखपति बने और गरीबी के कलंक को मिटाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। श्री पटेल हरदा कृषि उपज मंडी में महिला स्व सहायता समूह के लिए आयोजित ऋण वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 128 महिला स्व-सहायता समूहों को एक करोड़ 57 लाख रुपए की ऋण राशि का प्रतीकात्मक चेक भेंट किया।


मंत्री श्री पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश राज्य डे-ग्रामीण आजीविका मिशन के द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। विगत 4 वर्षों से अब तक 2579 स्व-सहायता समूह से 27 हजार से अधिक महिलाओं को जोड़ा गया है। यह परिवार अब धीरे-धीरे आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरदा में 260 ग्राम संगठन बनाए गए हैं। सात संकुल स्तरीय संगठन भी तैयार किए गए हैं । मंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि महिलाएं आत्मनिर्भर बने और उनका सशक्तिकरण हो। महिलाएं परिवार के सशक्तिकरण के लिए कार्य करें, आगे बढ़े, समाज और राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देकर न केवल अपने जीवन को सफल बनाएं बल्कि उसकी सार्थक भी साबित करें। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि महिलाओं के अथक परिश्रम से समूह की आय बढ़ रही है।


मंत्री श्री पटेल ने मंच पर समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों के विक्रय के लिए भी सरकार हर संभव प्रयास करेगी, जिससे उनके द्वारा तैयार किये गये उत्पाद की अच्छी कीमत समूह को मिल सकें। साथ ही समूहों की आय में वृद्धि हो सकेगी। सरकार महिलाओं को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर उनके सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास करेंगी।


कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि गण, अधिकारी गण और विभिन्न स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाये शामिल हुई।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.