Type Here to Get Search Results !

सभी गरीब परिवारों को चिन्हित कर दिया जाएगा राशन : मुख्यमंत्री श्री चौहान

सुमावली में 68 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण-----


मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सुमावली के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। कोई भी गरीब भूखा नहीं रहेगा। सभी गरीब परिवारों को चिन्हित कर राशन दिया जाएगा। प्रदेश सरकार हर गरीब को ढूंढ-ढूंढ़कर खाद्यान्न पर्चियाँ देगी और उन्हें एक रूपए प्रति किलो की दर से राशन मुहैया करायेगी। इसके लिये आगामी 16 सितम्बर से महा अभियान शुरू होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान मुरैना जिले के सुमावली विधानसभा के छैरा ग्राम में आयोजित हुए विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।


मुख्यमंत्री श्री चौहान, केन्द्रीय कृषि, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर तथा राज्यसभा सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने संयुक्त रूप से 68 करोड़ रूपए लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लगभग 8500 करोड़ की लागत से चम्बल अटल प्रोग्रेस-वे बनकर तैयार होगा। इससे चम्बल क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिये खेल स्टेडियम भी बनाया जायेगा। सरकार ने किसान व गरीबों के कल्याण के लिये बनी संबल योजना को फिर से चालू करने का फैसला भी लिया है। इसी तरह आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की उच्च शिक्षा में मदद के लिये शुरू की गईं योजनायें भी सरकार ने चालू कर दी हैं। सरकार गरीबों के बच्चों की आईआईटी, आईआईएम व मेडीकल इत्यादि संस्थानों की फीस भरेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। महिलाओं को परेशान न होना पड़े इसके लिए हर घर नल से जल पहुंचाया जाएगा।


केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जनहित के कार्य करने वाले एक संवेदनशील जनसेवक हैं। जो हर वर्ग के कल्याण के लिए तत्पर होकर काम कर रहे हैं। प्रदेश सरकार किसान, मजदूर, गरीबों, महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। आज यहाँ लगभग 68 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर उन्होंने एक सौगात दी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क निर्माण, विद्युत, हर घर नल से जल आदि के लिए काम किया जा रहा है।


राज्यसभा सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सुमावली के विकास के लिए आज विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की सौगातें देकर क्षेत्र के विकास के लिये नए दरवाजे खोले हैं। आगे भी इसी प्रकार निरंतर विकास के लिए काम किया जाएगा। कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।


68 करोड़ की लागत के विकास कार्यों की सौगात


सुमावली में आयोजित विकास कार्यो के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने लगभग 68 करोड़ रूपये लागत के विकास कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें 25 करोड़ के लोकार्पण एवं 42 करोड़ से अधिक लागत के निर्माण कार्यो का भूमिपूजन किया।


कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना, भिंड सांसद श्रीमती संध्या राय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता हर्षाना सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.