"आदि सेवा पर्व" 17 से 2 अक्टूबर 2025 तक प्रत्येक ग्राम का "विलेज एक्शन प्लान" तैयार किया जायेगा
भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय की महत्वाकांक्षी योजना "आदि कर्मयोगी अभियान" के अंतर्गत जिले में ग्राम क्रियान्वयन योजना का प्रभावशाली संचालन प्रारंभ हो गया है। यह अभियान जनजातीय क्षेत्रों में सुशासन, सामुदायिक भागीदारी एवं समावेशी विकास को सशक्त करने की दिशा में एक अभिनव पहल है।
कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में जिले में इस अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। श्री चौहान को जिले में अभियान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अभियान के अंतर्गत जिले के 681 ग्रामों में "आदि सेवा केंद्रों" की स्थापना की जा रही है, जो ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा सेवाएं उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे। कलेक्टर नेहा मीना द्वारा अभियान की साप्ताहिक समीक्षा बैठकें आयोजित कर निरंतर प्रगति पर नज़र रखी जा रही है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि प्रत्येक ग्राम में यह योजना प्रभावी रूप से क्रियान्वित हो।
जिले के छह विकासखंडों में प्रत्येक क्लस्टर स्तर पर मैदानी कर्मचारियों एवं फ्रंटलाइन वर्कर्स को प्रशिक्षित किया गया है। यह प्रशिक्षण विकासखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स द्वारा संपन्न किया गया, जिससे सभी ग्रामों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। ब्लॉक स्तर पर "ब्लॉक रिस्पॉन्सिव गवर्नेंस ग्रुप" का गठन किया गया है, जिसमें नोडल अधिकारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद एवं सहायक नोडल अधिकारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी को नियुक्त किया गया है। ग्राम स्तर पर "पंचायत रिस्पॉन्सिव गवर्नेंस ग्रुप" के माध्यम से पंचायत सचिव को नोडल एवं ग्राम रोजगार सहायक को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। ग्राम के सभी शासकीय कर्मचारी इसके सदस्य के रूप में नामांकित किए गए हैं।
"आदि सेवा पर्व" 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक
अभियान के अंतर्गत "आदि सेवा पर्व" का आयोजन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक किया जा रहा है। इस दौरान जनजागरूकता कार्यक्रम, दीवार लेखन, नारे लेखन, ग्राम भ्रमण, जन संवाद आदि गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। अभियान के अंतर्गत कुल चार चरणों में बैठकों का आयोजन प्रस्तावित है।प्रथम बैठक सम्पन्न हो चुकी है, जिसमें ग्राम नक्शा तैयार किया गया। द्वितीय बैठक 20 सितंबर से प्रारंभ हो चुकी है, जिसमें ग्राम भ्रमण कर विकास लक्ष्यों का निर्धारण किया जा रहा है। इन बैठकों के आधार पर "विलेज एक्शन प्लान" तैयार कर उसे 2 अक्टूबर 2025 को आयोजित ग्रामसभा में अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया जाएगा।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन द्वारा छह विकासखंडों में विभागीय प्राचार्य, व्याख्याता एवं अधीक्षकों को फील्ड निरीक्षण का उत्तरदायित्व सौंपा गया है। साथ ही, ब्लॉक एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जो निरीक्षणकर्ताओं से निरंतर फीडबैक प्राप्त कर रहे हैं।